सिधौली। महाकुंभ से लौट रहे नेपाली श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो शुक्रवार दोपहर सिधौली कोतवाली क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई और सौ मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में नौ श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती करवाया। वहां चार की हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नेपाल के कैलाली जिले के टीकापुर निवासी श्रद्धालु बोलेरो से महाकुंभ गए थे। वहां से काशी व अयोध्या का भ्रमण कर नैमिषारण्य दर्शन के लिए आ रहे थे। इस दौरान मिश्रिख मार्ग पर बाड़ी गांव के पास बोलेरो पलट गई। दुर्घटना में लालूराम ढकल (49), उनकी पत्नी राधा ढकल (42), पवित्रा खनाल (40) और सरस्वती खनाल (51) गंभीर रूप से घायल हो गए।
चंद्रा धमाल (65), सिद्ध भंडारी (33), लोकराज खनाल (51), मेघराज (55) व वीरेंद्र खनाल (41) भी जख्मी हो गए। सभी गंभीर घायलों का जिला अस्पताल व जख्मी श्रद्धालुओं का सीएचसी सिधौली में इलाज जारी है।
साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
वीरेंद्र ने बताया कि उनके बोलेरो वाहन के आगे मिश्रिख मार्ग पर अचानक एक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में हादसा हो गया। बोलेरो पलटने के बाद सौ से डेढ़ सौ मीटर घिसटती चली गई। स्थानीय लोगों ने बमुश्किल बाहर निकाला।