सीतापुर। कोतवाली देहात के सरांय मलुही स्थित एक रसायन फैक्टरी में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक आग लग गई। चपेट में आकर फैक्टरी के अंदर रखा तेजाब और केमिकल धमाके के साथ जलने लगा। दमकल टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। हादसे का कारण मशीन में लीकेज होना बताया जा रहा है।
हाईवे से नैपालापुर-लखीमपुर जाने वाले मार्ग पर सरांय मलुही गांव में द लक्ष्मी जी ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक फैक्टरी है। कंपनी का दावा है कि वह संक्रमण को रोकने के लिए इस्तेमाल होने वाले रसायन डेनाटोनियम बेंजोएट और दवा के लिए इस्तेमाल होने वाले डेनाटोनियम सैक्राइड को बनाकर बेचने का काम करती है।
दोपहर में यहां अचानक आग लग गई। लपटों की चपेट में आकर केमिकल से भरे ड्रम फटने लगे। धुआं गुबार बनकर फैलने लगा। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग टीम मौके पर पहुंची।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष सिंह ने बताया कि कर्मचारियों के मुताबिक फैक्टरी के मालिक लखनऊ में रहते हैं। रसायन से भरे कई ड्रम मौके पर फट गए इसके साथ ही एक टैंकर व दस हजार लीटर के तीन टैंकों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी पाते ही एसडीएम सदर अभिनव यादव, पुलिस की टीम भी मौके पर आ गई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बचाव कार्य में लगीं दमकल की पांच गाड़ियां: सुभाष सिंह के मुताबिक दमकल की पांच वाहनों से आग पर काबू पाया गया। आग लगी तो कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। करीब 30 फीट लंबे और 50 फीट चौड़े फैक्टरी के एरिया में आग लगी थी। विभाग के कर्मचारियों ने काफी रसायन को लपटों से बचा लिया। अन्यथा आग से और भी नुकसान हो सकता था। कई मशीनरी और खुले इलाके में रखे ड्रमों में आग लगी थी। घटना के बाद अफरातफरी भी फैली रही एक तरफ के मार्ग को रोककर यातायात को गुजारा गया।