महोली। कस्बे में बृहस्पतिवार को कठिना नदी किनारे बाबा बैजनाथ धाम के पास पेड़ पर फंदे से एक युवक का शव संदिग्ध हालात में लटका मिला। सूचना पर मौके पर परिजन पहुंचे। पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भिरिया फार्म निवासी राकेश कुमार (45) का शव बृहस्पतिवार को बाबा बैजनाथ धाम के पास पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। वह बुधवार शाम अपने घर से महोली के विकासनगर मोहल्ला निवासी अपने भाई सर्वेश के यहां जाने के लिए निकले थे।
जब वह विकास नगर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चला। सर्वेश दिल्ली में रहकर काम करते थे। शव लटकने की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर जेबी पांडे ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।