जिले में अब किसी की मरीज की जान ब्लड के अभाव में नहीं जाने पाएगी। वजह यहां के कई युवाओं ने एक ऐसा संगठन तैयार किया है, जो मरीजों को मुफ्त में ब्लड उपलब्ध कराएगा। इस ग्रुप ने संगठन का नाम ‘ब्लड एटीएम’ रखा है। संगठन का सदस्य सूचना मिलते ही तत्काल उस जगह पहुंचेगा, जहां मरीज को ब्लड की जरूरत होगी।
अक्सर देखा जाता है कि मरीज को जब ब्लड की जरूरत होती है। तो उसके अपने भी किनारा कर लेते हैं। बहुत से मरीज ऐसे हैं जो ब्लड न मिलने की वजह से अपनी जान गंवा देते हैं। ऐसे ही मरीजों की जान बचाने के लिए शहर के युवाओं ने एक ऐसा संगठन बनाया है, जो लोगों को निशुल्क रक्त उपलब्ध कराएगा।
संगठन अध्यक्ष आकाश बजरंगी का कहना है कि संगठन में अब तक 158 लोग जुड़ चुके हैं। सभी का एक मकसद है, ब्लड देकर मानव की जान बचाना। जितने भी लोग इस संगठन से जुड़े हैं, उनका ब्लड ग्रुप एक रजिस्टर में दर्ज है। जिसकी वजह से मरीज को यह दिक्कत नहीं होगी, कि उसे किसी ग्रुप का ब्लड चाहिए।
संगठन के अध्यक्ष ने बताया कि कोई भी जरूरतमंद मोबाइल नंबर-9696969679 पर कॉल कर सकता है। उन्होंने बताया कि समय रहते और नंबर भी जारी किए जाएंगे। संगठन के सभी सदस्यों ने शपथ ले रखी है, कि वे ब्लड के अभाव में किसी की जान नहीं जाने देंगे।
पहली प्राथमिकता में इस जिले पर ध्यान दिया जा रहा है। हालांकि हाल ही में लखनऊ में कई मरीजों को इस संगठन के द्वारा ब्लड डोनेट किया गया है। उन्होंने बताया कि संगठन के लोग स्वेच्छा से निशुल्क रक्तदान कर रहे हैं।