हरगांव में किसान आंदोलन को लेकर सीतापुर-लखीमपुर बार्डर पर तैनात पुलिस बल।
- फोटो : SITAPUR
हरगांव/लहरपुर (सीतापुर)। किसान आंदोलन को समर्थन देने के लिए दिल्ली की रुख करने वाले किसानों को रोकने के लिए शनिवार को पुलिस कई जगह मुस्तैद रही। खासतौर से लखीमपुर सीमा पर सीतापुर की पुलिस अलर्ट रही। हरगांव व लहरपुर पुलिस ने कई जगह नाकेबंदी कर सड़कों से गुजरने वाले वालों की चेकिंग की। पुलिस को इनपुट मिले थे कि दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में गणतंत्र दिवस के मौके पर जिले के अलावा पड़ोसी जनपद लखीमपुर खीरी से भी किसान दिल्ली जा सकते हैं।
शनिवार को हरगांव व लहरपुर पुलिस अलर्ट रही। हरगांव पुलिस ने थाना क्षेत्र के लखीमपुर-सीतापुर सीमा पर किसान आंदोलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी। क्षेत्राधिकारी बिसवां के नेतृत्व में हरगांव ओवरब्रिज के पास पुलिस ने पहरा सख्त कर दिया है।
किसानों के आंदोलन को लेकर गणतंत्र दिवस की बेला पर दिल्ली में ट्रैक्टर रैली करने के लिए सिखों की ओर से की जा रही तैयारी को देखते हुए थाना प्रभारी हरगांव ओम प्रकाश तिवारी व थाना प्रभारी खैराबाद ओपी राय, अपराध निरीक्षक हरगांव वीरेंद्र कुमार पंकज के साथ भारी संख्या में पुलिस बल हरगांव-लखीमपुर के बीच सीमा पर ओवरब्रिज के पास नाकेबंदी की गई, जहां भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के भदफर चौकी क्षेत्र में बहराइच-लखीमपुर मार्ग पर कृषि कानूनों के विरोध के चलते आंदोलित किसानों के संभावित दिल्ली मार्च को लेकर कोतवाली प्रभारी, भदफर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने भदफर पुलिस चौकी के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान चौकी के सामने अवरोध खड़ा कर बहराइच, लखीमपुर मार्ग पर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की गई। पुलिस द्वारा की जा रही व्यापक चेकिंग के चलते लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। पुलिस ने किसी किसान को इधर से दिल्ली के लिए कूच नहीं करने दिया।