मिश्रिख (सीतापुर)। ब्लॉक गोंदलामऊ की ग्राम पंचायत रामगढ़ के लोगों ने उपजिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्रा को शिकायती पत्र देते हुए बताया है कि आगामी पंचायत चुनाव के लिए मतदाताओं का सूची में नाम शामिल करने व अतिरिक्त मतदाताओं का नाम सूची से हटाने का कार्य किया जा रहा है। इसमें बीएलओ मीरा पाल व वर्तमान प्रधान द्वारा गलत तरीके से अन्य ग्राम पंचायतों के व्यक्तियों नाम फर्जी आधार कार्ड द्वारा बढ़ाए गए हैं।
इसके अलावा शादी हो चुकी लड़कियों के नाम नहीं हटाए गए और न मृत व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं में मानसिंह, अरुण कुमार, रामनाथ सिंह, शिवाकांत, दिवाकर, अनुज, शालू वर्मा, निर्मल कुमार, महेंद्र कुमार आदि ग्रामीण हैं।
इन लोगों का कहना है कि 100 से अधिक बालिग ग्रामीणों के नाम दर्ज नहीं किए गए है। काफी संख्या में ग्रामीणों ने शिकायती पत्र पर हस्ताक्षर कर उपजिलाधिकारी से जांच करवाकर प्रधान व बीएलओ पर कार्रवाई तथा मतदाता सूची का पुनरीक्षण कराने की मांग की है। एसडीम शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया जो नाम गलत हैं, उन्हें लिस्ट से हटाया जाएगा। जांचकर कार्रवाई की जाएगी।