लहरपुर में बरामद हुए गैस सिलिंडर व मौजूद एसडीएम व अन्य अधिकारी।
- फोटो : लहरपुर में बरामद हुए गैस सिलिंडर व मौजूद एसडीएम व अन्य अधिकारी।
लहरपुर (सीतापुर)। कस्बे में परचून की दुकान से एलपीजी सिलिंडर की कालाबाजारी हो रही थी। एसडीएम लहरपुर आकांक्षा गौतम ने पुलिस बल के साथ दुकान पर छापा मारकर दस सिलिंडर बरामद हुए। एसडीएम के निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
एसडीएम आकांक्षा गौतम ने सोमवार को सीओ आलोक प्रसाद के साथ लहरपुर गैस सर्विस के गोदाम का निरीक्षण किया। वहां अधिकारियों को एक गैस उपभोक्ता रूबी मिलीं, जो एक परची लेकर गैस लेने आई थीं। उन्होंने पूछने पर बताया कि यह परची उन्हें ठठेरी टोला के दुकानदार अबू तालिब ने दी है। अबू तालिब परचून की दुकान चलाता है। इस सूचना पर ठठेरी टोला स्थित दुकान की जांच की गई, जिसमें मोहल्ले के चार उपभोक्ताओं की रसीद बुक और नौ घरेलू सिलिंडर मिले।
इनमें तीन सिलिंडर भरे थे। इसके अलावा एक खाली कॉमर्शियल सिलिंडर बरामद हुआ। इसका कोई भी वैध प्रपत्र मौके पर अबू तालिब पेश नहीं कर पाया। जांच में यह पाया गया कि जो उपभोक्ता गैस रिफिल नहीं कराते हैं, उनकी गैस रिफिल कराकर अबू तालिब महंगे दामों में बेच देता है। एसडीएम के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक कविता वर्मा ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत तहरीर दी। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।