रामपुर मथुरा (सीतापुर)। जिले में डीएपी की किल्लत गहराती जा रही है। प्रशासनिक दावों से इतर किसानों को समितियों पर खाद मिल नहीं रही है। वहीं बाजार में धड़ल्ले से कालाबाजारी की जा रही है। किसान 1350 रुपये वाली डीएपी दो हजार रुपये में खरीदने को मजबूर हैं। इसमें भी किसान शुद्धता को लेकर सशंकित हैं।
रबी फसलों की बोआई का समय चल रहा है। किसानों को डीएपी की जरूरत है। समितियों पर डीएपी मिल नहीं रही है। किसान कई-कई दिन समिति के चक्कर काटकर निराश होकर बाजार में महंगे दाम पर डीएपी खरीदने को विवश हैं।
रामपुर मथुरा ब्लॉक में आठ साधन सहकारी समितियां स्थापित हैं। वर्तमान में डीएपी खाद किसी भी समिति पर उपलब्ध नहीं है। साधन सहकारी समिति मझिगवां, रामपुर मथुरा व पारा के इंचार्ज सचिव एके शुक्ल ने बताया कि डीएपी की मांग भेजी गई थी लेकिन एनपीके आई थी। जयरामपुर, चांदपुर आदि समितियों पर भी खाद नदारद है। साधन सहकारी समिति मझिगवां के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि सचिव की मनमानी के कारण समिति पर खाद नहीं आ पा रही है।
वहीं, किसान अजय ने बताया कि समिति के कई बार चक्कर लगा चुका हूं, कोई सही जानकारी नहीं मिल रही है। बाजार से खरीदी गई खाद भरोसे लायक नहीं है। किसान लक्ष्मी ने बताया कि दुकान पर दो हजार रुपये से लेकर 2200 रुपये बोरी डीएपी बेची जा रही है। वह भी पूरी तरह से शुद्ध नहीं है। खाद के साथ जबरन नैनो व गुणवत्ताविहीन जिंक आदि भी लेनी पड़ती है। किसान रविन्द्र ने बताया कि खेत में प्रति एकड़ दो बोरी खाद डालनी पड़ती है। इतनी खाद भी समिति से नहीं मिल पा रही है। मजबूरन किसानों को महंगी दरों पर डीएपी खरीदनी पड़ रही है।
नकली खाद बेचने वाले भी सक्रिय
किसान बालक व रिंकू ने बताया कि गेहूं की बोआई के लिए डीएपी की ही जरूरत पड़ती है। अन्य खाद कम उपयोगी साबित होती हैं। ऐसे में नकली खाद बेचने वाले भी सक्रिय हो गए हैं। निशान सिंह, कन्हैया व रामविजय ने बताया कि नकली खाद पहचान में नहीं आती और खेत में डालने के बाद भी जब दाना नहीं गलता है तब किसान खुद को ठगा महसूस करता है। किसानों के मुताबिक समिति पर खाद मिल जाए तो कालाबाजारी में खरीदने व नकली खाद के झंझट से छुटकारा मिल जाएगा।
जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी
समितियों पर कुछ डीएपी और एनपीके आज आई है जो वितरित कराई जा रही है। खुले बाजार में दुकानदारों द्वारा अधिक रेट पर खाद बेचने के आरोपों की शीघ्र जांच करवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
- बालकृष्ण सिंह, एसडीएम महमूदाबाद