सीतापुर। यूपी एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन ने पुरानी पेंशन बहाली सहित 18 सूत्री लंबित मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को डीआईओएस कार्यालय में प्रदर्शन किया। अपर मुख्य सचिव माध्यमिक को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
जनपदीय अध्यक्ष अनुराग सिंह व मंत्री आदर्श सिंह गौर ने कहा कि लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर शासन से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा है। प्रादेशिक नेतृत्व के आवाह्न पर आंदोलन प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने मांग की पुरानी पेंशन बहाल की जाए।
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी से लेकर प्रधानाचार्य तक का भविष्य निर्वाह निधि का भुगतान मंडल स्तर पर परीक्षण कर किया जाए। मृतक आश्रित नियुक्ति व चतुर्थ श्रेणी के पदों से लिपिक संवर्ग में पदोन्नति के लिए टाइपिंग टेस्ट कंप्यूटर के माध्यम से कराया जाए। प्रदेश के जिन जनपदों में डायट बनाए गए है। वहां पर तत्काल पद सृजित किए जाए। कर्मचारियों के उपार्जित अवकाश 300 दिन है।
इनके स्थान पर कर्मचारियों का उपार्जित अवकाश सेवानिवृत्ति की तिथि तक पूर्व की भांति जोड़े जाने का प्रावधान किया जाए। प्रत्येक डायट पर एक प्रधान सहायक व तीन वरिष्ठ सहायक के पद सृजित किए जाए। इन मांगों सहित 18 बिदुंओं पर कार्रवाई की जाए। जब तक इन पर कार्रवाई नहीं होगा आंदोलन जारी रहेगा। 12 नवंबर को डायट पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष वर्मा, कोषाध्यक्ष मोहम्मद इसराक, सचिन श्रीवास्तव, विजय द्विवेदी सहित तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।