सीतापुर। जिले में स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब बिल न जमा करने वालों पर ऑनलाइन कार्रवाई शुरू हो गई है। पहली बार शहर के करीब 400 उपभोक्ताओं की बिजली बिना उनकी चौखट पर गए बंद कर दी गई। ये तीन माह से बिजली बिल नहीं भर रहे थे। पूरे जिले में स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। पहले चरण में शहर में 37645 उपभोक्ताओं के घरों में मीटर लगाए जा चुके हैं। इन मीटरों के जरिये अब ऑनलाइन मॉनीटरिंग शुरू हो गई है। एक सप्ताह के अंदर इनके जरिये तीन माह से लगातार बिल न जमा करने वाले उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया। इसमें करीब 400 उपभोक्ता ऐसे मिले है, जिन पर पांच हजार से अधिक का बकाया था। बिजली विभाग ने मेसेज भेजकर बिल जमा करने की चेतावनी दी। इसके बाद भी बिल जमा नहीं करने पर इनके कनेक्शन ऑनलाइन काट दिए गए हैं। उपभोक्ता ऑनलाइन या ऑफलाइन बिल जमा कर देंगे तो इनका कनेक्शन खुद ही जुड़ जाएगा। इससे पहले कर्मचारी उपभोक्ता के घर पहुंचकर सीढ़ी लगाकर उसका कनेक्शन काटते थे। कई बार टीम के लौटते ही उपभोक्ता फिर से कनेक्शन जोड़ लेते थे, लेकिन अब स्मार्ट मीटर लगा होने के कारण यह संभव नहीं हो सकेगा।
नियमित की जा रही निगरानी
स्मार्ट मीटर से बिजली बिल काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब रोजाना निगरानी करके बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं।-रामशब्द, अधीक्षण अभियंता