गोंदलामऊ (सीतापुर)। संदना में मिश्रिख मार्ग पर बुधवार रात दो बाइकें आपस में टकरा गईं। इलाज के लिए ले जाते समय दो युवकों की मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
संदना के सोनारी निवासी रिंकू (35), मदनपुरवा निवासी सुभाष (32) व मोनू (32) एक बाइक पर सवार होकर मिश्रिख से संदना की ओर जा रहे थे। दूसरी बाइक पर खालेपुरवा निवासी गोविंद (22), मोनू (18), श्याममिलन (19) खालेपुरवा से सरोसा जा रहे थे।
सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर सरवा गन्ना समिति के मोड़ के पास दोनों की बाइकें आपस में टकरा गईं। ग्रामीणों के मुताबिक किसी के पास हेलमेट नहीं था। मौके पर आई एंबुलेंस की मदद से सभी को सीएचसी गोंदलामऊ लाया गया, जहां रिंकू व गोविंद की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन शवों को वापस घर ले आए और बिना पोस्टमार्टम के ही अंतिम संस्कार कर दिया। अन्य घायलों का सीएचसी में इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष चंद्रभान यादव ने बताया कि हादसे की जानकारी हुई थी। तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।