सीतापुर। रेउसा में बहराइच मार्ग पर शिवपुरी के निकट रविवार रात अज्ञात वाहन दो बाइकों से टकरा गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो लोग जख्मी हो गए।
कस्बा निवासी झुर्रीलाल गुप्ता (40) बाइक से रविवार रात करीब 8:30 बजे राजापुरकला बाजार से अपने घर लौट रहे थे। दूसरी तरफ तंबौर के हेनुआपुर गांव निवासी उमाशंकर, सरोज बाइक से अपने रिश्तेदार के यहां भरथा गांव जा रहे थे।
शिवपुरी के पास किसी अज्ञात वाहन दोनों बाइकों से टकरा गया। हादसे में घायल हुए तीनों बाइक सवार युवकों को ग्रामीणों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने झुर्रीलाल गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
ट्रक व बस की टक्कर में 12 जख्मी
सीतापुर। कोतवाली देहात इलाके के शाहमहोली में रविवार देर शाम परिवहन निगम की एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में महिला परिचालक समेत बस में बैठी करीब 12 सवारियां जख्मी हो गईं। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम सीतापुर की तरफ से एक ट्रक लखीमपुर की तरफ जा रहा था। शाहमहोली कस्बे में चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी बीच सीतापुर की तरफ से जा रही बस ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में हरदोई के लक्ष्मीपुरवा निवासी बस की परिचालक नीतू, लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ थाना के निहालपुरवा निवासी सुनीता, उनके पति कमलेश, लक्ष्मी, सुशीला, लखीमपुर खीरी के शहर कोतवाली निवासी इरफान, आरिफ, चंदन चौकी निवासी नीलम समेत 12 लोग घायल हो गए। इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।