कल्लीचौराहा। मिश्रिख में शुक्रवार को काशीपुर झबरा गांव के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि टक्कर मारने वाला भारी वाहन था।
महमदनगर नगर कुतुबनगर निवासी रामसेवक (30) अपने साले मिश्रिख के हाजीपुर निवासी विपिन कुमार (35) के साथ बाइक से थे। परिजनों ने बताया कि दोनों लखनऊ से आ रहे थे। बाइक चालक ने हेलमेट भी लगाया हुआ था। मिश्रिख-सिधौली मार्ग पर काशीपुर झबरा गांव के पास सामने से आ रहे वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे विपिन के पैर को भारी वाहन ने राैंद दिया। घटना को अंजाम देने के बाद वाहन चालक भाग गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को हटवाया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों में शोक, वाहन की तलाश में पुलिस
घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई तो उनके पैरों के नीचे से जमीन ही खिसक गई। जीजा-साले की मौत से दोनों ही परिवार के लोगों में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है।
विपिन की फाइल फोटो।