तंबौर। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था। सिर पर गंभीर चोट लगने से जान नहीं बच सकी।
नरियन टोला निवासी महताब (25) सोमवार देर शाम रतनगंज से तंबौर आ रहे थे। रतनगंज मार्ग पर ज्ञानेंद्र वर्मा के ईंट-भट्ठे के पास ऑटो ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को सीएचसी तंबौर में भर्ती कराया गया। यहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।