कल्ली चौराहा। कोहरे के कारण नैमिषारण्य इलाके में शुक्रवार सुबह एक बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे एक छात्र की मौत हो गई जबकि दूसरा साथी घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कक्षा 12 के छात्र हरसानी गांव निवासी अनुज कुमार (19) अपने मित्र मड़ारी निवासी प्रियांशू (20) बाइक से सुबह ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे। कल्ली चौराहे पर नैमिष मार्ग पर ग्राम मनिकापुर भट्ठा के पास सीमेंट लेकर नैमिष की तरफ जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली से बाइक पीछे से जा टकराई। ट्रॉली तिरपाल से ढके होने के कारण कोहरे में पीछे से दिखाई नहीं देने से बाइक सवार छात्रों की भिड़ंत हो गई। हादसे में अनुज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रियांशू घायल हो गए। उन्हें सीएचसी मछरेहटा ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली पर भी कोई रिफलेक्टर आदि न लगा होने के कारण घने कोहरे में बाइक चला रहे छात्र को ट्रॉली दिखाई न पड़ने के कारण ही यह हादसा हुआ। थानाध्यक्ष नवनीत मिश्र ने बताया कि मामले में वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।