सीतापुर। शहर के व्यस्त लालबाग चौराहे के पास शनिवार रात करीब साढ़े नौ बाइक सवार दो बदमाशों ने खरीदारी करने आई महिला के गले से सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी लेने के साथ लालबाग चौराहे और प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस फुटेज में दिखे संदिग्धों को ट्रेस कर रही है। हरगांव के कल्याणपुर गांव निवासी अजय राज शनिवार रात पत्नी सुभाषिनी के साथ स्कूटी से शहर में खरीदारी करने आए थे। खरीदारी के बाद दोनों लालबाग चौराहे से कोतवाली मार्ग की ओर जा रहे थे। अग्रसेन पार्क के पास अजय ने स्कूटी रोककर सामान डिग्गी में रखना शुरू किया। इसी दौरान सुभाषिनी पास की दुकान पर सामान देखने लगीं।
आरोप है कि तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और सुभाषिनी के गले से सोने की चेन लूट ली। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बदमाश बाइक से फरार हो गए। बाजार में हुई वारदात से कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लालबाग चौराहे समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहन चेकिंग शुरू कराई गई, लेकिन तत्काल बदमाशों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है।