सीतापुर। शहर स्थित कैप्टन मनोज पांडेय चौक के सौंदर्यीकरण की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार को डीएम डॉ. राजा गणपति आर के निर्देश पर तहसीलदार डॉ. अतुल सेन सिंह क्षेत्र में निकले। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी और कब्जा खाली करने के लिए चेताया।
जिला प्रशासन कैप्टन मनोज पांडेय चौक के सौंदर्यीकरण व मार्ग चौड़ीकरण के काम में लगा है। रविवार को प्रशासन ने रास्ते में आ रहे 25 वर्ष पुराने दुर्गा मंदिर को हटा दिया था। तहसीलदार महेंद्र तिवारी ने छेनी-हथौड़ी से मूर्तियों को सुरक्षित ढंग से अलग किया। इसके बाद शिव शक्ति मंदिर में स्थापित कराया।
सोमवार देर रात सिटी मजिस्ट्रेट ने कैप्टन मनोज पांडेय चौक व चुंगी के आसपास निशान लगवाए। अब मंगलवार को तहसीलदार ने अतिक्रमण करने वालों को चेताया है। ऐसे में जल्द अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध बड़ा अभियान चलने का अंदेशा है। तहसीलदार डॉ. अतुल सेन सिंह ने बताया कि अतिक्रमण को हटाने की कवायद जारी है। चौक का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।