फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: घर-घर पधारे बप्पा, सजा अलौकिक दरबार

विज्ञापन
बप्पा को पंडाल में स्थापित करने ले जाते श्रद्धालु। - फोटो : बप्पा को पंडाल में स्थापित करने ले जाते श्रद्धालु।
विज्ञापन
सीतापुर। गणेश चतुर्थी पर बुधवार को शहर में कई जगह सजे पंडालों व घराें में विधि-विधान से पूजन के बाद विघ्नहर्ता को विराजमान किया गया। इसके साथ ही 10 दिवसीय गणेशोत्सव का आगाज हो गया। पहले दिन श्रद्धालुओं ने प्रथमेश का पूजन व आरती के बाद आशीर्वाद लिया। इस दौरान शहर में हर तरफ गणपति बप्पा मोरया... और घर में पधारो गजानन जी मेरे घर में पधारो... आदि भजनों की गूंज सुनाई देती रही। पूजा पंडालों में अलौकिक छटा नजर आई।
विज्ञापन

शहर में कहीं शोभायात्रा तो कहीं ढोल नगाड़ों के साथ बप्पा का आगमन हो गया है। मंगलमूर्ति की प्रतिमा विधिवत पूजन कर स्थापित कर दी गई है। संध्या के समय आरती, वंदना और शंख ध्वनि से आराधना हुई। शहर के लालबाग पार्क स्थित पूजा पंडाल में मुंबई से मंगाई गई गणेश भगवान की प्रतिमा स्थापित की गई है। शाम की आरती में यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लालबाग के राजा का उत्सव यहां 10 दिनों तक मनाया जाएगा। गणेश महोत्सव समिति के अध्यक्ष पालू रस्तोगी ने बताया कि सुबह-शाम आरती के साथ रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक भागवत कथा, शाम आठ से रात 12 बजे तक भजन संध्या और वृंदावन के कलाकार सजीव झांकियां प्रस्तुत करेंगे। पांच सितंबर को महाआरती के बाद छप्पन भोग लगाया जाएगा। इसी दिन भंडारा होगा। छह सितंबर को शोभायात्रा निकालकर गोमती में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

निकली लालबाग के राजा की सवारी
शहर में कई स्थानों पर प्रतिमा स्थापित करने से पहले लालबाग के राजा की सवारी निकली। डीजे व बैंड-बाजा की ध्वनि पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से शोभायात्राएं निकालीं। पंडाल में पहुंचते ही मंत्रों के साथ जयकारे गूंजने लगे। पूजा-अर्चना के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा को लालबाग पार्क, लोहारबाग के सिद्धि विनायक गेस्ट हाउस, गोडियन टोला, दुर्गापुरवा, होली नगर, सदर बाजार, लालकुर्ती, प्रेमनगर सहित लगभग 50 जगहों पर भव्य पंडाल में स्थापित किया गया है।
विज्ञापन


बाक्स
धूमधाम से विराजे गणपति बप्पा
नैमिषारण्य। गणेश चतुर्थी का पर्व क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। घरों और मंदिरों में भगवान गणेश की मूर्तियों की स्थापना हुई। हनुमान गढ़ी में महंत पवन दास ने अपने घर में धूमधाम से वेद मंत्रों के साथ गणपति भगवान को स्थापित किया। वहीं, गणपति धाम में वैदिक रीति-रिवाज के साथ गणपति का भव्य दरबार सजाया गया। श्याम बाबू दीक्षित और शिवम दीक्षित ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। दूसरी ओर ललिता देवी मंदिर के पुजारी परिवार ने लाल बिहारी शास्त्री के आवास पर सिद्धि विनायक की मूर्ति स्थापित की। आयोजन में कालीपीठाधीश गोपाल शास्त्री, ललिता आश्रम प्रबंधक अटल बिहारी शास्त्री, कालीपीठ के महंत भास्कर शास्त्री, विदित पुजारी आदि शामिल हुए।

बाक्स
प्रथम पूज्य का आगमन
लहरपुर। नगर के ठठेरी टोला में छैल बिहारी कश्यप व बेहटी में शोभित रस्तोगी ने भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की है। ठठेरी टोला के पूजा पंडाल में पंडित जितेंद्र पांडेय ने प्रतिमा की स्थापना कराई। विशेष आरती हुई। इस मौके पर रमेश कश्यप, संजय, छैलू कश्यप, सोनू कश्यप, रामनाथ कश्यप, शिवम कश्यप, रंजीत कश्यप, मयंक टंडन, शिवम टंडन, अन्नीलाल टंडन आदि मौजूद रहे।

बाक्स
इस बार मछरेहटा में भी धूम
मछरेहटा कस्बे में छोटे हनुमान मंदिर के पास गणेश उत्सव का आयोजन पहली हो रहा है। महाराष्ट्र से आए व्यापारी सुमित मराठा एवं अक्षत सोनी राजस्थान की अध्यक्षता में हो रहे आयोजन में हनुमान मंदिर से माता फूलमती देवी मंदिर तक डीजे एवं ढोल नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद हनुमान मंदिर के पास गजानन की प्रतिमा को स्थापित किया गया। दो सितंबर को मूर्ति विसर्जन नैमिषारण्य स्थित राजघाट पर किया जाएगा। इस मौके पर प्रांत सह संयोजक बजरंग दल के महेंद्र पांडेय, मनोज रावत, डॉ. सुरेश गुप्ता, रोहित रस्तोगी, अनिल रस्तोगी आदि मौजूद रहे।

बाक्स
ढोल-नगाड़ों के साथ पंडाल में पधारे गजानन
मिश्रिख। नगर के स्टेशन रोड स्थित दो स्थानों पर प्रथम पूज्य गणेश भगवान की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। पांच दिवसीय महोत्सव में प्रतिदिन शाम को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों व भजन संध्या का आयोजन होगा। आयोजनकर्ता सोनू सागर ने बताया कि महोत्सव में विशेष झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। समापन पर भव्य शोभायात्रा के साथ देवदेवेश्वर घाट नैमिषारण्य में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस मौके पर शशिकांत मिश्रा, देवेश पांडेय, आलोक सिंह, मयंक शेखर शुक्ल, आशीष कश्यप, संदीप राजवंशी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें