शहर को संवारने के लिए अब बंगलूरू के आर्किटेक्ट की मदद ली जाएगी। सीतापुर को मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने को लेकर यह कवायद की जा रही है। योजना में शहर के पार्कों को लखनऊ के लोहिया पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। साथ ही चौराहों को भी खूबसूरत बनाया जाएगा। बंगलूरू से आए आर्किटेक्ट अनुपम अपनी तीन सदस्यीय टीम के साथ देर शाम यहां पहुंचे।
प्रदेश के सात शहर मॉडल सिटी के रूप में विकसित किए जा रहे हैं, उनमें सीतापुर शहर भी शामिल हैं। प्रशासन ने अभी तक जो खाका तैयार किया हैं उसके अनुसार 350 करोड़ से शहर का विकास किया जाना था। शासन स्तर से इस 350 करोड़ रुपये की डीपीआर को रिवाइज्ड करने को कहा गया।
इसके बाद डीएम अमृत त्रिपाठी ने नए सिरे आधा दर्जन से अधिक विभागों को रिवाइज्ड डीपीआर तैयार करने को कहा। यह रिवाइज्ड डीपीआर बंगलुरु से आए आर्किटेक्ट अनुपम की अगुवाई में तैयार की जाएगी। उनके साथ अनुभवी तीन सदस्यीय टीम भी होगी।
आर्किटेक्ट अनुपम ने लखनऊ के लोहिया पार्क समेत राजधानी के कई चौराहाें व वहां की ग्रीनबेेल्ट सिटी को डवलप किया है। गुरुवार देर शाम आर्किटेक्टों की टीम सीतापुर पहुंची और डीएम से मुलाकात के बाद क्षेत्र का दौरा किया।