फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: दस राजकीय विद्यालयों में एक करोड़ से स्थापित होंगी अटल लैब

Tue, 13 Jan 2026 11:34 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। शासन के निर्देशानुसार जिले के दस राजकीय विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की जाएंगी। इन प्रयोगशालाओं में छात्र-छात्राओं को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और थ्री-डी प्रिंटिंग जैसे आधुनिक नवाचारों से रूबरू कराया जाएगा।
विज्ञापन

अटल इनोवेशन मिशन के तहत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर शुरू होने वाली ये लैब युवाओं की कल्पनाओं को नई उड़ान देंगी। योजना के अंतर्गत प्रत्येक लैब के लिए दस लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जिससे कुल एक करोड़ की लागत से दस विद्यालयों में यह सुविधा विकसित होगी।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के प्रति व्यावहारिक व प्रयोगात्मक रुचि जगाने के उद्देश्य से ये लैब स्थापित की जा रही हैं। पहले चरण में सीतापुर के दस राजकीय विद्यालयों का चयन किया गया है, जहां 72 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में प्रयोगशालाएं तैयार होंगी। यहां विद्यार्थियों को न केवल नवाचार मॉडल और स्टार्टअप ट्रेनिंग दी जाएगी, बल्कि ड्रोन निर्माण और पेटेंट इनोवेशन का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।
विज्ञापन


चुनिंदा प्राइवेट स्कूलों में थी लैब, अब नियम हुए सरल
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि इससे पहले अटल टिंकरिंग लैब केवल चुनिंदा निजी स्कूलों में ही उपलब्ध थी, क्योंकि इसके मानक अत्यंत कठिन थे। आवेदन के समय स्कूलों को कड़ी शर्तें पूरी करनी पड़ती थीं, जिनमें पिछले पांच वर्षों का बोर्ड परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक होना अनिवार्य था। अब सरकार ने इन शर्तों को सरल कर दिया है, जिससे राजकीय विद्यालयों में भी लैब स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 284 ऐसी लैब बनाई जाएंगी, जिनमें से लखनऊ मंडल के हिस्से में 28 लैब आई हैं। इनमें सर्वाधिक 10 लैब सीतापुर जिले में स्थापित की जा रही हैं।

हर स्कूल के तीन शिक्षकों को मिलेगी ट्रेनिंग
अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना का कार्य सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा किया जाएगा। लैब स्थापित होने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा नामित स्कूल के तीन शिक्षकों को इसे संचालित करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद यही शिक्षक छात्र-छात्राओं को अत्याधुनिक तकनीकों की जानकारी देंगे और उन्हें नवाचार के लिए प्रेरित करेंगे। लैब के कामकाज और छात्रों की प्रगति का समय-समय पर मूल्यांकन भी किया जाएगा।
विज्ञापन


इन स्कूलों का हुआ चयन
-राजकीय इंटर कॉलेज,बांसुरा
-राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नेरी
-राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बनियामऊ
-राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सीतापुर
-पंडित दीन दयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज,जुदौरा पचदेवरा चौबे
-राजकीय बालिका इंटर कॉलेज,इमलिया सुल्तानपुर
-राजकीय बालिका इंटर कॉलेज,ममदापुर
-राजकीय इंटर कॉलेज,जनुआ
-राजकीय इंटर कॉलेज,गनेशपुर नेवादा
-राजकीय इंटर कॉलेज,लैलखुर्द
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें