अटल स्मृति सम्मेलन का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि।
सीतापुर। पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी की तरफ से विधानसभा क्षेत्र सीतापुर व बिसवां में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने इनके जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
खैराबाद स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र का सम्मेलन हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी ने अटल जी के संपूर्ण जीवन चरित्र व राजनीतिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एक साधारण परिवार से निकलकर राष्ट्र सेवा का ध्येय बनाकर अपने संपूर्ण जीवन को भारत माता के लिए समर्पित कर दिया। वह आरएसएस के एक प्रचारक से लेकर देश के प्रधानमंत्री के पद पर सुशोभित रहे।
जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतवर्ष की एक अमूल्य धरोहर हैं। अपने जीवन काल में उन्होंने राष्ट्र समर्पित अनेक काम किए हैं। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु ने कहा अटल जी के कार्य देशहित में सदैव याद किए जाएंगे।
बिसवां विधानसभा में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में मुख्य अतिथि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक आदर्श पुरुष थे। वह सभी का सम्मान करते थे और राष्ट्र प्रेम की अद्भुत भावना के स्रोत थे। प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने जो भी योजनाएं बनाई वह अंत्योदय से प्रेरित थी और भारत को ठोस बनाने वाली थी। उन्होंने पोखरण में परमाणु परीक्षण का जिक्र करते हुए अटल जी की विदेश नीति की जमकर सराहना की।