महमूदाबाद (सीतापुर)। आवारा मवेशियों को गोशाला छोड़ने जा रहे ग्रामीणों की गांव के लोगों से झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों से लाठी-डंडे व भाला-बल्लम चलने लगे। मारपीट में दर्जनभर लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से गंभीर रूप से घायल छह लोगों को सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया है।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के सिंहारूखेड़ा में गोशाला बना है। शुक्रवार की दोपहर पचदेवरी व पचदेवरा के ग्रामीण करीब 50 छुट्टा मवेशियों को गोशाला में जमा करने जा रहे थे। बताया जाता है कि इसी बीच सिहारूखेड़ा गांव के करीब तीन दर्जन लोग लाठी-डंडे लेकर आ गए और आवारा मवेशियों को वापस ले जाने की बात कहने लगे।
दोनों पक्षों में इसी बात को लेकर गालीगलौज हो गया। बाद में मारपीट होने लगी। इस दौरान दोनों पक्षों से जमकर लाठी-डंडे व भाला-बल्लम चले। मारपीट में एक पक्ष से सत्येंद्र कुमार, सुनील कुमार, गयादीन, हुकुम चंद्र निवासी सिहारुखेड़ा व दूसरे पक्ष के तेजप्रताप, राजकुमार निवासी पचदेवरी कोतवाली महमूदाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
दर्जनभर से अधिक लोगों को लाठी-डंडों की हल्की चोटें आईं हैं। मारपीट होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को महमूदाबाद में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।