सीतापुर। कोतवाली महोली पुलिस ने अवैध रूप से संचालित असलहा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापे में पुलिस को मौके से निर्मित और अर्धनिर्मित नौ असलहे बरामद हुए हैं। पुलिस ने मामले में केस दर्जकर आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की है।
एसपी आरपी सिंह के आदेश पर जिले में असलहा बनाने की फैक्टरी पकड़ी जा रही हैं। इसी कड़ी में कप्तान के आदेश पर महोली कोतवाली पुलिस ने इलाके के महेवा गांव के पास छापा मारा। वहां पर असलहा बनाने की फैक्टरी पकड़ी।
मौके से महोली इलाके के बरातपुर गांव निवासी कन्ने उर्फ छोटेलाल, पाल्हापुर गांव निवासी विशनू को गिरफ्तार किया गया है। मौके से तीन निर्मित असलहे, छह अर्धनिर्मित असलहे और असलहा बनाने का उपकरण बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।