महमूदाबाद। प्राथमिक विद्यालय बघाइन में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को किया गया। इसमें कक्षा तीन, चार और पांच के 20 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
विद्यार्थियों को स्वच्छ रहें, स्वस्थ रहें विषय पर चित्रांकन करने के लिए दिया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष उमेश वर्मा ने कहा कि कला मन के भावों की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता को बढ़ाने के साथ ही उनमें सोचने और चिंतन करने की क्षमता विकसित करती है। शिक्षक पवन कुमार और शिवेंद्र प्रताप ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा की। कक्षा पांच के आर्यन ने प्रथम, कक्षा चार की मारिया ने द्वितीय और इसी कक्षा के रंजीत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा पांच की हुश्ना और कक्षा चार की अनन्या को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। विजेता विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर और कलर सेट देकर सम्मानित किया गया। उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई।