सीतापुर/ तंबौर। करीब दो माह पूर्व तंबौर इलाके में सराफा दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी का माल बरामद हो गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर जेल भेजने की कार्रवाई की है।
एएसपी साउथ महेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पांच जनवरी को तंबौर कस्बा निवासी दीपक वर्मा की सराफा की दुकान में चोरी की वारदात हुई थी। मामले में केस दर्जकर पुलिस घटना के खुलासे में जुटी थी। बताया कि सूचना मिलने पर एसओ तंबौर अमित सिंह भदौरिया ने एसआई जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद, सिपाही रिंकू, रोहित, इरफान अली के साथ नाईखेड़ा पुलिया के पास दबिश देकर रेउसा इलाके के बेदौरा निवासी बुल्लू, तंबौर के नाईखेड़ा निवासी सर्वेश, सकरन के जालिमपुर निवासी आबिद अली को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया कि पूछताछ में तीनों ने सराफा व्यापारी की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने का जुर्म कुबूल किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात बरामद हुए हैं। सीओ बिसवां समर बहादुर सिंह ने बताया कि बरामद जेवरात की कीमत करीब एक लाख है। पकड़े गए आरोपी बुल्लू पर दो, आबिद पर सात आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। तीनों पर केस दर्जकर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।