संदना। किसान कमल किशोर की जान लेने वाली बाघिन 27वें दिन भी वन विभाग की पकड़ से दूर है। मंगलवार को गेंधरिया, मधवापुर, गुलरिया, कोडरीपुरवा और रसुलवा समेत आसपास के क्षेत्रों में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया गया, लेकिन बाघिन के ताजा पगचिह्न या मौजूदगी के अन्य साक्ष्य नहीं मिले।
लगातार सातवें दिन पगचिह्न नहीं मिलने से वन विभाग के सामने बाघिन की लोकेशन का पता लगाने की चुनौती बढ़ गई है। अधिकारियों के मुताबिक बाघिन के क्षेत्र बदलकर किसी दूसरे इलाके में चले जाने की संभावना है। इससे उसके नए ठिकाने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
उधर, बाघिन का सुराग नहीं मिलने के बावजूद ग्रामीणों में दहशत बरकरार है। किसान खेतों में समूह बनाकर काम कर रहे हैं। मिश्रिख रेंजर सिकंदर सिंह ने बताया कि टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और संभावित इलाकों में कॉम्बिंग जारी है।