सीतापुर। अब शहर के गोड़ियनटोला में दिल्ली से लौटा एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। देर रात लखनऊ से पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर मरीज को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है। शहर के गोड़ियनटोला मोहल्ले का निवासी 22 साल का युवक दिल्ली के जनकपुरी इलाके में शॉपिंग मॉल में काम करता है।
16 जून को वह बस से दिल्ली से सीतापुर लौटा और सीधे अपने घर चला गया। उसने अपने आने की जानकारी प्रशासन को नहीं दी। 19 जून को उसने जिला अस्पताल जाकर कोरोना जांच कराने के लिए सैंपल दिया। 21 जून की देर रात उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। मरीज को एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नया मामला मिलने के साथ ही जिले में अब मरीजों का आंकड़ा 56 पहुंच गया है। हालांकि, राहत की बात है कि अब तक 46 मरीज कोरोना को मात देने में कामयाब हो चुके हैं। एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इसमें चार मरीज लखनऊ में भर्ती हैं, जबकि कोविड अस्पताल खैराबाद में देवर-भाभी समेत छह संक्रमित भर्ती हैं। सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने बताया कि गोड़ियनटोला में पॉजिटिव मिले मरीज के मोहल्ले में सर्वे के लिए स्वास्थ्य टीमें लगा दी गई हैं। टीमें घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेंगी। संदिग्ध मिलने पर लोगों को क्वारंटीन किया जाएगा।