सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों में इस बार धूमधाम से वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा। विद्यालय में सेल्फी प्वांइट भी बनाया जाएगा। इसमें बच्चे अपने अभिभावकों के साथ सेल्फी ले सकेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को विद्यालय की तरफ आकर्षित करना है। इसके लिए प्रति विद्यालय 1500 रुपये का बजट भी जारी किया गया है।
15 जनवरी तक परिषदीय विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश चल रहा है। इसके बाद विद्यालय खुलेंगे तो वार्षिकोत्सव व खेलकूद कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू हो जाएगी। 31 जनवरी से पहले सभी विद्यालयों में वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। वार्षिकोत्सव में अभिभावकों आमंत्रित करने के लिए दो दिन पहले सूचना दी जाएगी।
जनप्रतिनिधि की अगुवाई में कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा बच्चों के लिए दौड़, खो-खो सहित विभिन्न खेल गतिविधियां भी कराई जाएगी। वार्षिकोत्सव मनाने के लिए प्रति विद्यालय 1200 रुपये व खेलकूद के लिए प्रति विद्यालय 300 रुपये का बजट जारी किया गया है। कार्यक्रम आयोजन से पहले एसएमसी व प्रधानाध्यापकों के साथ बीईओ बैठक करके रणनीति तय करेंगे। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालयों में वार्षिकोत्सव मनाने के लिए बजट आवंटित बजट राशि विद्यालयवार भेजने के साथ ही शिक्षकों को धूमधाम से वार्षिकोत्सव मनाने के लिए निर्देशित भी किया गया है। (संवाद)