फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: बिजली कटौती पर फूटा आक्रोश, उपकेंद्र का घेराव कर एसडीओ से भिड़े उपभोक्ता

विज्ञापन
अ​धिकारियों से उपभोक्ताओं की नोकझोंक। - फोटो : अ​धिकारियों से उपभोक्ताओं की नोकझोंक।
विज्ञापन
सीतापुर। शहर से लेकर ग्रामीण इलाके में जमकर हो रही बिजली कटौती व लो वोल्टेज से उपभोक्ता बेहद परेशान उपभोक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार रात से मंगलवार को पूरे दिन कई जगहों पर प्रदर्शन किया गया। पिसावां में फीडर बंद करवा कर उपभोक्ता धरने पर बैठ गए। उधर, महमूदाबाद में उपकेंद्र का घेराव कर रहे उपभोक्ताओं की एसडीओ से तीखी नोकझोंक हुई। शहर में लंबी कटौती से नाराज लोगों ने नारेबाजी की। पुलिस व बिजली अफसरों ने किसी तरह उपभोक्ताओं को समझाकर शांत किया।
विज्ञापन

पिसावां में बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर सोमवार रात विरोध प्रदर्शन हुआ। अल्लीपुर और बिचपरिया गांव के सैकड़ों उपभोक्ता उपकेंद्र पहुंचे। उन्होंने सभी फीडर बंद करा दिए और धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जूनियर इंजीनियर से ग्रामीणों की बात कराई। जेई ने बताया कि सेरवाडीह गांव में इंसुलेटर खराब होने से आपूर्ति बाधित है। मरम्मत का काम चल रहा है। अल्लीपुर की रहने वाली रामबेटी ने कहा कि पिछले दो माह से गांव में बिजली की समस्या बनी हुई है। उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ ने बताया कि प्रदर्शन की वजह से करीब 35 मिनट तक पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद रही। बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ग्रामीण अपने घर लौट गए। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन चला।
उधर, विकासखंड पहला के अंतर्गत ग्राम कोरार, सैर, रमनगरा, सटल्लापुर, शंकरपुर, कलिमापुर, लालपुर, बजवापुर, लबरहा, गणेशपुर, तेजनीपुर, सोहरिया, भौरी, कंडी सहित विभिन्न गांवों में बिजली कटौती को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। मंगलवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष पहला विजय सिंह तोमर की अगुवाई में उपखंड कार्यालय महमूदाबाद का घेराव कर दिया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष व उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र कुमार से तीखी नोकझोंक हुई। सूचना पाकर भाजपा विधायक आशा मौर्या के बेटे आकाश भी पहुंच गए। ग्रामीणों को शांत करवाते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता एसके वर्मा से वार्ता की। उपभोक्ता अमित मिश्रा, उत्तम यादव, ऋतिक यादव आदि ने बताया कि गांवों में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। 24 घंटे में महज दो घंटे बिजली मिल रही है। वह भी लो वोल्टेज की भी समस्या है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि लोड अधिक होने के चलते ट्रिपिंग हो रही है। इसे ठीक करवाया जा रहा है।
विज्ञापन

शहर में भी हुई जमकर कटौती
शहर में भी जमकर बिजली कटौती हुई। श्यामनाथ इलाके में ओवरब्रिज बनने से लाइन शिफ्टिंग का कार्य चल रहा है। सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक कटौती हुई। दोपहर के समय भीषण गर्मी में उपभोक्ता बेहद परेशान रहे। इसी तरह केशव ग्रीन सिटी इलाके में फॉल्ट से करीब चार घंटे बिजली गुल रही। उपभोक्ताओं ने भवानीपुर उपकेंद्र पहुंचकर आक्रोश जताया। वहीं, तरीनपुर मोहल्ले में तीन घंटे बिजली गुल रही। इसके अलावा विकास नगर, नवीन चौक, खूबपुर सहित अन्य मोहल्लों में बार-बार ट्रिपिंग होती रही। कटौती का यह सिलसिला पूरे शहर में जारी रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें