लहरपुर (सीतापुर)। कोरोना का टीका लगवाने जा रही महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सांड़ के हमले से मौत हो गई। उसका पति भी घायल हो गया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांचकर कार्रवाई की जा रही है।
लहरपुर कोतवाली इलाके के जमसकरा गांव निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा (37) गुरुवार को अपने पति सत्य प्रकाश के साथ बाइक पर सवार होकर लहरपुर सीएचसी कोरोना का टीका लगवाने जा रही थी। इसी बीच जब वह लहरपुर कोतवाली इलाके में स्वामीजी का पुरवा के पास पहुंची, तभी एक सांड़ ने उस पर हमला कर दिया।
इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जबकि पति को मामूली चोट आई। जख्मी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सीएचसी सिधौली ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद मित्रा ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा देवी अस्पताल में कोरोना का टीका लगवाने आ रही थी। उसी समय यह हादसा हो गया। पुलिस को घटना की सूचना दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
सड़क हादसों में तीन लोग घायल
लहरपुर/रेउसा (सीतापुर)। कोतवाली लहरपुर और रेउसा इलाके में हुए सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। महोली कोतवाली इलाके के कसाई टोला निवासी कल्लन अपने साथी इरफान के साथ पिसावां अपनी दुकान पर जा रहा था। जब यह दोनों बाइक से पिसावां इलाके में पिपरी शादीपुर गन्ना सेंटर के पास पहुंचे, तभी गन्ने से भरे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों लोग जख्मी हो गए। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
रेउसा इलाके के राजापुर कलां गांव निवासी साठ वर्षीय सुमित्रा पत्नी रामदुलारे गुरुवार को आटो से रेउसा जा रही थी। इसी बीच बहराइच रोड पर भरथा गांव के पास साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में ऑटो पलट गया। जिससे ऑटो चालक बच गया, लेकिन महिला जख्मी हो गई। उसे सीएचसी रेउसा में भर्ती कराया गया है।