सीतापुर। महमूदाबाद के बिलौली-तेतारपुर मार्ग पर रविवार को मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर एक वृद्धा की मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तेतारपुर गांव निवासी राजेश्वरी (60) रविवार सुबह रिश्तेदारी से अपने घर जा रही थीं। बिलौली-तेतारपुर संपर्क मार्ग पर छोटा धौरहरा गांव के पास सामने से आ रही मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रॉली पर लदी मिट्टी बिलौली गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे पर जा रही थी। ईंट-भट्ठा एक पूर्व चेयरमैन का बताया जा रहा है। राजेश्वरी के पति ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर किशोर चला रहा था। हादसे के बाद वह ट्रैक्टर-ट्राॅली छोड़कर भाग गया।
हंगामे की जानकारी पाते ही मौके पर काफी फोर्स पहुंच गई। इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह लोगों को शांत कराया गया। बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।