गोंदलामऊ(सीतापुर)। संदना में सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर कूड़े के ढेर पर दो माह का बच्चा पड़ा मिला। उसके पास ही खाने-पीने की चीजें भी रखी हुईं थीं। कूड़े के ढेर से किसी के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो नवजात को देखकर दंग रह गए। ग्रामीणों ने चाइल्ड हेल्पलाइन में फोन कर जानकारी दी।
मौके पर पहुंची चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम बच्चे को अपने साथ लेकर संदना थाने पहुंची। थाने में कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम बच्चे को अपने साथ लेकर चली गई।
संदना थाना प्रभारी चंद्रभान यादव ने बताया कि बच्चे के परिजनों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से बच्चे के घरवालों का पता लगाया जा रहा है।