गोंदलामऊ(सीतापुर)। अटरिया के निजी अस्पताल में शुक्रवार को एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
संदना के रालामऊ गांव निवासी नरेश कुमार (65) 20 मई को एक कार की चपेट में आ गए थे। उनके पुत्र आदर्श शुक्ला ने बताया कि पिता नरेश कुमार अपना खेत देखकर साइकिल से घर जा रहे थे। वह जैसे ही श्रद्धा मेडिकल स्टोर, रालामऊ के पास पहुंचे तभी संदना की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए।
आरोप लगाया कि कार को अर्थापुर निवासी संदीप पांडेय चला रहा था। उसकी लापरवाही से ही हादसा हुआ है। परिजनों ने इलाज के लिए अटरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। इलाज के बाद बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी चंद्रभान यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गाड़ी पुलिस के कब्जे में है।