महोली (सीतापुर)। क्षेत्र में तहसील के पास मंगलवार रात कार की बुजुर्ग से टक्कर हो गई। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई।
कुसैला गांव निवासी मदनलाल (60) रात करीब साढ़े 10 बजे अपने बेटे अनूप को रोडवेज बस में बैठाने के लिए घर से ई रिक्शा पर सवार होकर महोली कस्बा आए थे। तहसील के निकट ई रिक्शा खड़ा कराते हुए मदनलाल ने शाहजहांपुर से लखनऊ जा रही रोडवेज बस में बेटे को बिठाया। इसी दौरान उनको याद आया कि बेटे का एक बैग ई रिक्शा में ही रखा रह गया है। जिसे लेने के लिए वह पैदल रोड पार कर रहे थे।
इसी दौरान सीतापुर से शाहजहांपुर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार की बुजुर्ग से टक्कर हो गई। जिससे वह छिटककर रोड पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कार चालक वाहन समेत भाग गया। पुत्र ने बस से नीचे उतरकर पुलिस व परिजनों को मामले की जानकारी दी। इंस्पेक्टर दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।