सीतापुर। कमलापुर थाना क्षेत्र के जैतनपुर निवासी प्रमिल कुमार द्विवेदी ने एक किसान नेता और उसके साथियों पर उनकी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस पर भी तहरीर के बावजूद एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाया है।
प्रमिल द्विवेदी ने बताया कि वह वर्तमान में लखनऊ में रहते हैं। जैतनपुर स्थित उनकी पैतृक भूमि राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज है। आरोप है कि एक किसान नेता और उसके साथी उनकी जमीन पर अनधिकृत रूप से कब्जा कर पक्का निर्माण करा रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें भयभीत करने और प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत उन्होंने पहले एसडीएम सिधौली से की थी। एसडीएम के निर्देश पर राजस्वकर्मियों ने मौके पर जांच की, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने का दावा किया गया। इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका।
प्रमिल का आरोप है कि संबंधित किसान नेता गांव के कुछ अन्य लोगों की जमीन पर भी इसी तरह कब्जा कर रहा है। उन्होंने कमलापुर पुलिस को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जा हटवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।