सीतापुर। दीपावली के मौके पर सीतापुर का एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 80 से बढ़कर करीब 140 पहुंच गया है। वायु प्रदूषण बढ़ने से इसका असर लोगों की सेहत पर पड़ा। जिला अस्पताल की मंगलवार को ओपीडी खुली तो दमा, खांसी व सांस लेने में तकलीफ के सबसे अधिक करीब 450 मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने इन्हें दवा देते हुए आराम करने की सलाह दी।
सामान्य तौर पर सीतापुर का एक्यूआई 60 से 80 के बीच रहता है। दीपावली पर हुई आतिशबाजी के कारण रविवार शाम के बाद यह बढ़कर करीब 140 पहुंच गया। इससे सीतापुर की आबो हवा खराब हुई। प्रदूषित हवा ने लोगों को बीमार कर दिया। दीपावली के बाद मंगलवार को जब जिला अस्पताल की ओपीडी खुली तो सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटी। परचा काउंटर से लेकर पैथोलॉजी में काफी अधिक मरीज दिखे। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक फिजिशियन कक्ष में मरीजों की संख्या काफी अधिक रही। इस दौरान अधिकतर मरीज सांस लेने में तकलीफ व खांसी के रहे। चिकित्सक इसके पीछे एक्यूआई को कारण बता रहे हैं। मरीजों को दवा देते हुए आराम करने की सलाह दी गई।