सीतापुर। प्रदेश स्तरीय सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता बुधवार को तरणताल स्टेडियम में शुरू हुई। खेल निदेशालय व प्रदेशीय कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु ने किया। इसमें पूरे प्रदेश के विभिन्न जिलों से 19 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
नगर विकास राज्यमंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर गुब्बारे छोड़कर कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले दिन प्रतियोगिता का पहला मैच आगरा बनाम अमेठी छात्रावास के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में आगरा की टीम ने अमेठी छात्रावास के खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देते हुए मुकाबले को 20-16 से जीता। दूसरा मैच अलीगढ़ बनाम झांसी के मध्य हुआ। जिसमें अलीगढ़ ने झांसी को 50-19 से हराकर जीत हासिल की।
वहीं मिर्जापुर व बरेली के मध्य हुए तीसरे मुकाबले में बरेली ने 32-12 के बड़े अंतर से मिर्जापुर को करारी शिकस्त दी।
इस मौके पर खेल निदेशालय के नियुक्त प्रतियोगिता पर्यवेक्षक राजेश कुमार सोनकर, क्रीड़ा अधिकारी व कबड्डी संघ के महासचिव राजेश कुमार सिंह, कबड्डी संघ के चेयरमैन विनोद कुमार यादव व आनंद कुमार सोनकर, जय शंकर आदि उपस्थित रहे।