महमूदाबाद। मदरसों को आधुनिक करने के साथ ही समुचित विकास का काम प्रदेश सरकार कर रही है। ताकि अच्छी तालीम ग्रहण कर मदरसों में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी ऊंचे पदों पर पहुंचकर नाम रोशन कर सकें। यह बात पैंतेपुर स्थित मदरसा शमशुल उलूम में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह में हिस्सेदारी करते हुए उत्तर प्रदेश वक्फ विकास निगम लिमिटेड के निदेशक शफाअत हुसैन ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले मदरसों में फर्जीवाडा होता था। अब आधार से लिंक करते हुए फर्जीवाड़ा काफी हद तक रोकने का काम किया गया है। कार्यक्रम में मदरसा बोर्ड द्वारा आयोजित हुई परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान सेकेंड्री फारसी में मोहम्मद अनस, मोहम्मद हसीब, मोहम्मद तौहीद, मोहम्मद अयान, सेक्रेंड्री अरबी मौलवी में अबू हुजैफा, मोहम्मद माज, मोहम्मद वासिफ, सुफियान, शान मोहम्मद, सीनियर सेकेड्री फारसी आलिम अरबी में जीशान व अबू हमजा को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मदरसा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। अतिथियों का स्वागत प्रबंधक सईद अख्तर ने किया।