सीतापुर। जिला अस्पताल में मरीजों की होने वाली जांच की रिपोर्ट देने में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार पैथोलॉजिस्ट व लैब टेक्नीशियन को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी डाॅ. राजागणपति आर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ड्यू लिस्ट के अनुसार शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी टीकाकरण कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा करें। कहा कि किसी भी एएनएम के एक सप्ताह से अधिक के अवकाश पर जाने की स्थिति में अन्य किसी एएनएम के माध्यम से आदेश जारी करते हुए टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाए। इसके साथ ही जांच में लापरवाही के कारण विलंब होने पर जिला चिकित्सालय के संबंधित लैब टेक्नीशियन व पैथोलाॅजिस्ट को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश भी मौके पर मौजूद सीएमएस को दिया।
डीएम ने छह माह में शून्य प्रसव कराने वाली आशाओं को भी चिह्नित कर नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई के घेरे में लाने का निर्देश सीएमओ को देते हुए कहा कि झोलाछाप के खिलाफ नियमित अभियान चलाते हुए कड़ी कार्रवाई की जाए। इस संबंध में सभी एमओआईसी इस आशय का प्रमाणपत्र भी दें कि उनके क्षेत्र में कोई भी झोलाछाप का क्लीनिक संचालित नहीं है। बैठक के दौरान सीडीओ डाॅ. दीक्षा जोशी, सीएमओ डाॅ. अनूप श्रीवास्तव सहित जिला स्वास्थ्य समिति के सदस्य व सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।