परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को स्थाई पहचान पत्र मुहैया कराने के लिए आधार कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग परिषदीय विद्यालयों में आधार कैंप लगवाएगा।
यह कैंप प्रत्येक स्कूल में लगेंगे। आधार कार्ड बनवाने की जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाध्यापक को सौंपी गई है। शासन के फरमान पर आधार कैंप लगवाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
केंद्र व राज्य सरकार ने तमाम सरकारी योजनाओं में आधार कार्ड की अनिवार्य कर दिया है। छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति में भी आधार कार्ड की बाध्यता है। अभी तक माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के आधार कार्ड बनवाए जा रहे थे। अब शासन ने परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के भी आधार कार्ड बनवाने का फैसला लिया है।
इसके लिए शासनादेश भी जारी कर दिया है। बच्चों को आधार कार्ड की सुविधा देने के लिए विभाग परिषदीय स्कूलों में कैंप लगवाएगा। प्रधानाध्यापक नामित एजेंसी को नौनिहालों से संबंधित समस्त डाटा उपलब्ध कराएंगे और आधार कार्ड बनवाएंगे। समस्या पर जानकारी संबंधित खंड शिक्षाधिकारी को देंगे।
आधार कार्ड बनने के बाद प्रधानाध्यापक को प्रमाणपत्र देना होगा कि विद्यालय के सभी बच्चों के आधार कार्ड बन गए हैं। इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की हिदायत दी गई है। हालांकि अभी नामित एजेंसी का चयन नहीं किया जा सका है। उम्मीद है तीन दिन के अंदर एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।