सीतापुर। डीएम की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ जनता को दिलाने के निर्देश अफसरों को दिए।
जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने कहा जो विभाग ‘सी’ अथवा ‘डी’ श्रेणी में हैं, वे इसी वित्तीय वर्ष में सुधार करना सुनिश्चित करें। जो भी अधिकारी इसमें लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों में सुधार के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को रिक्त दुकानों का शीघ्र आवंटन सुनिश्चित कराने को कहा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को टीकाकरण एवं टैगिंग कार्य में सुधार के लिए निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिला पर्यावरण समिति की बैठक में डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं एवं नगरीय निकाय को प्रदूषण रोकने के लिए एनजीटी के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने वेस्ट मैनेजमेंट को नियमानुसार सुनिश्चित किए जाने के निर्देश भी दिए। कहा कि जिन विभागों ने अभी तक कार्ययोजना प्रस्तुत नहीं की है, वे दो दिन के भीतर कार्ययोजना प्रस्तुत करें।
डीएम की अध्यक्षता में जिला पौधरोपण समिति की बैठक हुई। उन्होंने शासनादेश की व्यवस्था के अनुसार वर्षाकाल 2021 के लिए पौधरोपण के लिए लक्ष्यों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पौधरोपण के लिए स्थलों की सूची तत्काल उपलब्ध कराए जाने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार, परियोजना निदेशक एके सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार सुशील कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।