सीतापुर। सिधौली पुलिस ने पिता की हत्या के आरोपी पुत्र को क्षेत्र से गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस की हिरासत में आरोपी ने बताया कि उसके पिता सरकारी नौकर होने के बाद भी नौकरी पर नहीं जाते थे, घटना के दिन भी शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद हुआ था।
मोहल्ला तुलसीनगर निवासी राकेश कुमार की उनके घर में 22 फरवरी को हत्या कर दी गई थी। वह विद्युत विभाग में कर्मचारी थे। उनके पुत्र दीपक कुमार पर हत्या का आरोप था। घटना को अंजाम देने के बाद वह लापता हो गया था। पुलिस ने केस दर्ज कर दीपक को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर बलवंत शाही ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि राकेश काफी लंबे समय से नौकरी पर नहीं जा रहे थे। दीपक ट्रक चलाकर उनका खर्च इत्यादि वहन करता था। इनी बात को लेकर आरोपी की मां भी परेशान थी जिनकी मौत हो चुकी है।
घटना के दिन भी इन्हीं बातों को लेकर आपसी कहासुनी होने पर पिता राकेश ने आरोपी को डंडा मारा था। आक्रोश में आकर दीपक ने ईंट से प्रहार कर राकेश की हत्या कर दी। घटनास्थल से आलाकत्ल ईंट बरामद हो चुकी है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।