राजस्व लेखपाल भर्ती की लिखित परीक्षा के परिणाम मंगलवार को जारी कर दिए गए। यहां के 391 पदों के सापेक्ष 1405 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। अब चयनित अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए बुलाए गए हैं।
डीएम डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव ने परिणाम जारी कर नतीजे एनआईसी की वेबसाइट पर डाल दिए गए हैं। मालूम हो कि राजस्व परिषद के निर्देशन में परीक्षा कराने वाली संस्था ने सोमवार को यह परीक्षा परिणाम प्रशासन को उपलब्ध कराए थे। जिसके बाद डीएम की निगरानी में यह परिणाम सीतापुर की एनआईसी की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया। राजस्व लेखपाल भर्ती परीक्षा में बैठे अभ्यर्थी यह परिणाम आयोग की बेवसाइट पर जाकर देख सकते हैं। जिले में 391 पदों के सापेक्ष 85615 अभ्यर्थियों ने आवेदन कर परीक्षा दी थी। इनमें से 29018 आवेदकों ने जिले में परीक्षा दी थी। शेष अभ्यर्थी गैर जिले परीक्षा देने गए थे। यहां लेखपाल के 391 के पदों पर नियुक्त प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही हैं। परीक्षा में सफल हुए 1405 अभ्यर्थियों को अब राजस्व परिषद के निर्देशों के अनुरूप शीघ्र ही इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।