महमूदाबाद (सीतापुर)। लखनऊ से बहन को लेकर जा रहे बाइक सवार युवक को कुर्सी मार्ग पर किसी वाहन ने रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे सीएचसी महमूदाबाद से लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी जमील (35) पुत्र सुभान अली रविवार शाम छह बजे लखनऊ के डालीगंज से अपनी बहन वरसन (60) पत्नी यूनुस को बाइक से घर लेकर जा रहे थे। कोतवाली सीमा के पास अज्ञात वाहन ने जमील की बाइक को टक्कर मार दी।
जिससे बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में जमील का हेलमेट चकनाचूर हो गया और सिर में गंभीर चोट आई। उसकी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई। आननफानन में आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को सीएचसी महमूदाबाद पहुंचाया। वहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने जमील को मृत घोषित कर दिया।
अनियंत्रित ट्रक ने कई दुकानों को रौंदा
रेउसा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में नशे में धुत एक ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे रखी लकड़ी की कई दुकानों को रौंद दिया। दुकानों को रौंदने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गया।
घटना के समय दुकानें सुबह बंद होने से कोई जनहानि नहीं हुई। मामूली रूप से ट्रक चालक ही जख्मी हुआ। बिहार के मुजफ्फरपुर के थाना मनिहारी निवासी ट्रक चालक राजकुमार अपने जिले से धान लेकर ट्रक से पंजाब जा रहा था।
रविवार की सुबह थाना रेउसा के मारूबेहड चौराहे पर ट्रक अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित होकर ट्रक ने सड़क किनारे रखी लकड़ी की कई दुकानों को रौंद दिया और सड़क किनारे खड्ड में पलट गया।