सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के सत्र 2025-26 के संचालन व कार्य योजना के संबंध में डीएम ने बैठक ली। महमूदाबाद तहसील में नवीन केंद्र संचालित करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए। इस निशुल्क कोचिंग में अधिकारियों की ओर से व्याख्यान व मोटीवेशनल सेशन लिए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी मोती लाल यादव ने बताया कि विभिन्न कोर्सों में प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष नौ जुलाई को प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। अध्यापन कार्य के लिए अतिथि प्रवक्ताओं/ विषय-विशेषज्ञों का चयन जिला स्तरीय समिति के समक्ष साक्षात्कार की प्रक्रिया द्वारा करने का निर्णय लिया गया है।
योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे सिविल सेवा परीक्षा, पीसीएस, जेईई, नीट एवं एनडीए, सीडीएस आदि की तैयारी व मार्ग दर्शन के लिए निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का आयोजन किया जाना है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज (बालक) में छात्र-छात्राओं के लिए पेयजल, शौचालय की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी निधि बंसल, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ राजेन्द्र सिंह व अन्य उपस्थित रहे।