कमलापुर (सीतापर)। दो दिनों से लापता मानपुर थाना क्षेत्र के एक युवक का शव सोमवार को संदिग्ध हालात में नहर पटरी पर झाड़ियों में मिला है। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से काटने के कई जख्म है। माना जा रहा है कि युवक की धारदार हथियार से काट कर हत्या की गई है। वारदात की खबर पाकर मानपुर के अलावा कमलापुर व रामपुर कलां थाने की पुलिस, सीओ सिधौली व लहरपुर ने भी मौके पर पहुंच जांच की है।
हत्या के पीछे से आशिकी का मामला बताया जा रहा है। पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत लेकर पूछताछ शुरू की है। मानपुर थाना क्षेत्र के हसनापुर गांव निवासी राजेंद्र (35) पुत्र मुल्लू शनिवार की रात घर से निकला था। उसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। परिवार वाले उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच सोमवार की सुबह जब मृतक का चाचा खेत की ओर निकला तो उसने दरियाबाद नहर पटरी पर झाड़ियों में राजेंद्र का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला।
शव मिलने पर पहले उसने परिवारीजन व गांव वालों को खबर दी। उसके बाद पुलिस को बताया गया। इस सनसनीखेज घटना की खबर पाकर सीओ लहरपुर उदय प्रताप, सीओ सिधौली अंकित कुमार के अलावा मानपुर, कमलापुर व रामपुर कलां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के गले व शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार से काटे जाने के गहरे जख्म दिख रहे थे। हत्या मानते हुए पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
घटना के पीछे किसी महिला से अवैध संबंधों का मामला माना जा रहा है। शायद इसी वजह से पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी थी। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।