पिसावां (सीतापुर)। डूडावल गांव में दबंगों ने बिना सहमति व कोई मुआवजा दिए ही कृषि भूमि पर बिजली का ट्रांसफार्मर रखवा दिया। महिला के विरोध करने पर अब धमकी दी जा रही है। महिला ने महोली कोतवाली व विभाग से शिकायत की लेकिन कार्रवाई न होने पर वह अपने दिव्यांग पुत्र के साथ भूख हड़ताल पर बैठ गई है।
डूडावल निवासी रेशमा देवी ने एसडीएम और महोली पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि परिवार में वह और उसका एक 17 वर्षीय दिव्यांग पुत्र है। पति की मौत हो चुकी है। कुछ जमीन है। जिस पर खेती कर गुजारा कर रही हूं। आरोप है कि गांव के ही विपक्षी ने अपने खेत में निजी नलकूप बनवाकर बिजली का कनेक्शन लिया।
दो दिन पहले विपक्षी ने मेरे खेत में बिजली पोल लगवाकर ट्रांसफार्मर लगवा दिया। अभी कनेक्शन नहीं किया गया है। खेत से विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर हटवाने को लेकर विधवा अपने दिव्यांग पुत्र के साथ रविवार दोपहर से भूख हड़ताल पर बैठी है। महिला का कहना है जब तक बिजली का पोल व ट्रांसफार्मर उसके खेत से नहीं हटाए जाएंगे तब तक उसका धरना व भूख हड़ताल अनवरत जारी रहेगा।
दूसरे के खेत में ट्रांसफार्मर लगवाना गलत है, इसके लिए खेत मालिक से शपथ पत्र लेना पड़ता है। बगैर सहमति के किसी के खेत में ट्रांसफार्मर लगवाना अनुचित है।
- राजेश गौतम, अवर अभियंता, देवगवां उपकेंद्र