पिसावां। सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती के बाद पिसावां क्षेत्र की एक युवती और कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र की एक महिला मंगलवार को साथ पहुंच गईं। दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने और शादी करने की इच्छा जताई। दोनों के परिजनों ने अपने-अपने थानों में गुमशुदगी दर्ज करा रखी थी।
पिसावां क्षेत्र की युवती की सोशल मीडिया के माध्यम से रूरा क्षेत्र की महिला से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी। इसके बाद दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया और अपने-अपने घरों से निकल गईं। युवती के घर नहीं लौटने पर उसके पिता ने शुक्रवार को पिसावां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने युवती की तलाश के लिए टीम गठित की। उसके पोस्टर भी आसपास के क्षेत्रों में लगवाए गए और संभावित स्थानों पर तलाश की गई। इसी दौरान युवती को अपनी गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी हुई और वह खुद पिसावां थाने पहुंच गई।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और अपनी महिला मित्र के साथ थी। पुलिस ने उसके परिजनों को थाने बुलाकर युवती को उनके सुपुर्द कर दिया।
उधर, कानपुर देहात के रूरा थाने में भी महिला के परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करा रखी थी। रूरा पुलिस उसकी तलाश करते हुए पिसावां पहुंची। यहां दोनों के साथ होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने महिला को अपने कब्जे में लिया। दोनों ने अलग होने से इनकार करते हुए साथ रहने और शादी करने की इच्छा जताई। रूरा थाने के उपनिरीक्षक गंगाराम ने बताया कि महिला की गुमशुदगी दर्ज है। उसे बरामद कर न्यायालय में बयान दर्ज कराया जाना है। इसके बाद महिला रूरा पुलिस के साथ जाने के लिए तैयार हो गई। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि पिसावां की युवती बालिग होने के कारण परिजनों को सौंप दी गई, जबकि रूरा की महिला को संबंधित पुलिस अपने साथ ले गई।