लहरपुर (सीतापुर)। भदफर के डिंगरी गांव में जंगली जानवर ने एक बछड़े का शिकार किया। इलाके में जंगली जानवर द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत है। वन क्षेत्राधिकारी सहित वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कॉम्बिंग की और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।
शुक्रवार की रात डिंगरी निवासी बाबूराम की गाय का बछड़ा घर के बाहर बंधा था। रात में किसी जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया। उसे घसीटकर गांव से बाहर गेहूं के खेत में ले जाकर निवाला बनाया।
शनिवार सुबह बछड़ा बाहर न दिखने पर बाबूराम ने उसे तलाशा। घर से कुछ दूर खेत में बछड़े का क्षत-विक्षत शव मिला। प्रधान शिवकुमार यादव ने घटना की जानकारी वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह, वन दरोगा अरविंद गिरी वहां पहुंचे और कॉम्बिंग कर ग्रामीणों को सजग रहने तथा समूह में खेतों की ओर जाने की सलाह दी।
रेतीली मिट्टी होने के करण पगचिह्न स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन बछड़े पर हमला किसी जंगली जानवर द्वारा ही किया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
-अभिषेक सिंह, वन क्षेत्राधिकारी लहरपुर