महमूदाबाद। नगर पालिका के संगत किला की भूमि पर बरात घर का निर्माण कार्य नींव की खुदाई के साथ ही सोमवार से शुरू हो गया। चेयरमैन और ईओ की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से नींव की खोदाई का काम शुरू किया गया। बरात घर का निर्माण कार्य सीएनडीएस द्वारा किया जाएगा।
शासन ने इसके लिए 2.61 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। नगर पालिका के संगत वार्ड में लंबे समय से भूमि अनुपयोगी पड़ी थी। धीरे-धीरे वहां कूड़े का ढेर जमा होने लगा था। विधायक आशा मौर्य के प्रयास पर शासन ने पालिका क्षेत्र में बरात घर के निर्माण के लिए 2.61 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। तहसील और पालिका प्रशासन ने मिलकर संगत की भूमि पर बरात घर का निर्माण कराने पर सहमति दे दी है। भूमि के एक हिस्से पर बरात घर का निर्माण कराया जाएगा।
जमीन के बाकी हिस्से में पालिका वेंडिंग जोन और पार्क विकसित करेगी। बीच में एक छोटा तालाब भी बनाया जाएगा, जिसके चारों ओर पैदल चलने की व्यवस्था होगी।
इससे क्षेत्रीय लोगों को सुबह शाम ताजी हवा लेने के साथ टहलने की सुविधा भी मुहैया हो सकेगी। सोमवार को चेयरमैन आमिर अराफात, ईओ पवन किशोर, रेजिडेंट इंजीनियर सीएनडीएस धर्मेंद्र गौतम ने नींव की जमीन को चिह्नित करते हुए चूना डलवाया। इसके बाद जेसीबी की मदद से नींव की खोदाई का काम शुरू हुआ। इस मौके पर ठेकेदार अवधेश सिंह, पालिका लिपिक राम नरेश, सभासद सईद अहमद, अय्यूब अहमद, बदर अहमद, सलाहुद्दीन, संजय समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।